आज़मगढ़ : न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची विधवा ने खाया जहरीला पदार्थ, अस्पताल में भर्ती

Youth India Times
By -
0

नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराने का दावा, पांच माह से थाने के चक्कर काटने का आरोप

आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना परिसर में सोमवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब न्याय न मिलने से आहत एक विधवा महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। महिला देर रात तक पुलिस की निगरानी में अस्पताल में रही। हालत में सुधार होने पर पुलिस उसे अपने साथ ले गई। हालांकि, निजामाबाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने घटना से इनकार किया है। महिला का आरोप है कि गांव के एक युवक ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद बेटी गर्भवती हो गई। आरोप है कि युवक ने उसे दवा खिला दी, जिसके बाद करीब पांच माह पहले मृत बच्चे का जन्म हुआ। पीड़िता के अनुसार, मामले को दबाने के लिए गांव के कुछ लोगों की मौजूदगी में बेटी की शादी के लिए रुपये देने की बात पर समझौता कराया गया था। अब आरोपी युवक के पिता रुपये देने से इनकार कर रहे हैं, जबकि आरोपी युवक गाली-गलौज कर रहा है। महिला का दावा है कि वह पिछले करीब पांच माह से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। सोमवार शाम वह दोबारा तहरीर लेकर निजामाबाद थाने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। महिला का आरोप है कि वह पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाती रही, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में आरोपी पक्ष के लोगों ने उसके साथ अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इससे आहत होकर उसने कथित तौर पर थाना परिसर में ही विषाक्त पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर पुलिसकर्मी उसे नजदीकी सीएचसी ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात करीब 12 बजे तक महिला अस्पताल में पुलिस की देखरेख में रही। इसके बाद हालत में सुधार होने पर पुलिस उसे अपने साथ ले गई। वहीं, निजामाबाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने थाना परिसर में महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की घटना से इनकार किया है। मामले में महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और रिपोर्ट दर्ज किए जाने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)