हरबंशपुर में कार की टक्कर से घायल हुआ था कॉन्स्टेबल, सूचना पर एसपी ने तत्काल भेजी पुलिस टीम
आजमगढ़। शहर के हरबंशपुर क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक पुलिसकर्मी की समय रहते अस्पताल पहुंचने से जान बच गई। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को तत्काल निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। जानकारी के अनुसार, देर रात्रि शहर भ्रमण के दौरान हरबंशपुर स्थित पहलवान जी की मूर्ति के पीछे एक युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक तेज रफ्तार कार ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने तत्काल रमा हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अमित सिंह से संपर्क किया। इसके बाद अपने चालक चंदन वर्मा और गनर की मदद से घायल को निजी वाहन से रमा हॉस्पिटल पहुंचाकर भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। इलाज के दौरान घायल को होश आने पर उसकी पहचान आजमगढ़ पुलिस में तैनात एक कॉन्स्टेबल के रूप में हुई। इसके बाद श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना सिधारी के प्रभारी निरीक्षक को अस्पताल भेजा। फिलहाल घायल पुलिसकर्मी का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस दौरान आमजन से भी अपील की गई कि यदि कहीं सड़क दुर्घटना में कोई घायल व्यक्ति दिखाई दे तो बिना देर किए उसे निकटतम अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। समय पर मिला प्राथमिक उपचार किसी भी घायल की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।





