जेब से मिला फरेंदा से मऊ का रेल टिकट, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या या आत्महत्या की हर पहलू से हो रही जांच
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर शुक्रवार सुबह एक पेड़ से अज्ञात युवक का शव लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन सठियांव के पास एक पुराने पेड़ से शव लटकता देखा। सूचना पर मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच की। पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना प्रभारी शशि मौली पाण्डेय ने बताया कि मृतक की जेब से फरेंदा से मऊ तक का रेल टिकट बरामद हुआ है। इसी आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग हत्या की आशंका भी जता रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।





