अधिशासी अभियंता ने चपरासी की पत्नी को रात में अकेले घर पर बुलाया

Youth India Times
By -
0
फोटो ai 

नौकरी बचाने का दिया हवाला, अधिशासी अभियंता समेत दो पर मुकदमा

अलीगढ़। लघु सिंचाई विभाग अलीगढ़ में तैनात अधिशासी अभियंता अशोक कुमार और सहायक बाबू नवीन कुमार के खिलाफ चपरासी की पत्नी की शिकायत पर महुआखेड़ा थाना पुलिस ने छेड़छाड़ और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया है कि अधिशासी अभियंता ने उसके पति की नौकरी बचाने के नाम पर उसे रात में अपने आवास पर अकेले बुलाया था। महिला के इनकार करने के बाद सहायक बाबू के माध्यम से भी उस पर दबाव बनाने का आरोप है। बताया गया कि 26 सितंबर को लघु सिंचाई विभाग के कार्यालय में तैनात आउटसोर्स चपरासी के साथ अधिशासी अभियंता द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद चपरासी को नौकरी से हटाने की धमकी दिए जाने का आरोप है। इसी दौरान उसकी पत्नी को रात में आवास पर अकेले बुलाने की बात सामने आई। महिला का आरोप है कि उसने आवास पर जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद सहायक बाबू नवीन कुमार के माध्यम से भी उसे आवास पर भेजने का दबाव बनाया गया। चपरासी ने अधिशासी अभियंता पर उसकी बेटी को भी देख लेने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद महुआखेड़ा थाना पुलिस ने मामले की जांच की। महिला की शिकायत के आधार पर अधिशासी अभियंता अशोक कुमार और सहायक बाबू नवीन कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि अधिशासी अभियंता मूल रूप से इटावा के निवासी हैं और लखनऊ में परिवार के साथ रहते हैं। वहीं विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। सहायक बाबू नवीन कुमार को सहारनपुर से संबद्ध किए जाने की जानकारी सामने आई है। महुआखेड़ा इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि चपरासी की पत्नी की शिकायत पर अधिशासी अभियंता और सहायक बाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने रात में आवास पर अकेले बुलाने का आरोप लगाया था। मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)