कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर ग्रामीणों को बुलाया
डायल-112 दोनों को थाने ले गई; तहरीर का इंतजार
आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात रिश्तों को लेकर विवाद का एक मामला सामने आया। मायके आई नवविवाहिता के कमरे में उसकी शादी कराने वाले अगुवा के मौजूद होने की जानकारी मिलने पर पति अचानक ससुराल पहुंच गया। उसने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती का विवाह 11 जून को जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में हुआ था। शादी के बाद वह 1 जुलाई को अपने मायके आई थी। बताया जा रहा है कि जौनपुर निवासी देवी प्रसाद राम, जो झाड़-फूंक करने के साथ सब्जी बेचने का भी काम करता है, दोनों परिवारों का पुराना परिचित है और उसी ने दोनों परिवारों के बीच विवाह का रिश्ता तय कराया था। बताया गया कि शादी के कुछ दिनों बाद ही देवी प्रसाद अपनी दुकान बंद कर कहीं चला गया था। इसी बीच युवती के पति को सूचना मिली कि वह पिछले तीन दिनों से उसकी पत्नी के मायके में रह रहा है। सूचना मिलने के बाद पति बिना किसी को बताए ससुराल पहुंचा और स्थानीय लोगों से जानकारी लेने के बाद देर रात कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में वहां भीड़ लग गई। मामले की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवविवाहिता और देवी प्रसाद को थाने ले गई। बाद में दोनों पक्षों के परिजनों को भी बुलाया गया, जहां देर रात तक बातचीत और पंचायत चलती रही। बरदह थाना पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





