आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के दुबौलिया गांव में न्यायालय और प्रशासनिक आदेशों के बावजूद विवादित भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। दुबौलिया गांव निवासी नागेंद्र यादव के अनुसार, उन्होंने भूमि के बंटवारे (फाट) को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निजामाबाद की अदालत में वाद दाखिल किया था, जिसमें निर्णय उनके पक्ष में हुआ। इसके बाद विपक्षी पक्ष ने अपर आयुक्त (न्यायिक) के समक्ष अपील की, लेकिन वहां भी फैसला नागेंद्र यादव के पक्ष में आया और विपक्षी की अपील खारिज कर दी गई। पीड़ित का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद विपक्षी उनके हिस्से की भूमि पर मिट्टी गिराकर कब्जा करने और निर्माण कार्य कराने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी दी गईं। नागेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी निजामाबाद से की, जिस पर एसडीएम ने स्थगन आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित लेखपाल और निजामाबाद थाना पुलिस को निर्देशित किया। इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका। पीड़ित ने अब अपर आयुक्त (न्यायिक) और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।
आजमगढ़ : अपर आयुक्त व एसडीएम के आदेश के बावजूद भूमि पर कब्जे का आरोप
By -
Sunday, July 05, 2026
0
Tags:





