सीईआईआर पोर्टल के जरिए करीब 93 लाख रुपये के 372 मोबाइल रिकवर, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी भी किये गये सम्मानित
आजमगढ़। आजमगढ़ पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से मई 2026 में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से खोए हुए 372 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है। रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने आजमगढ़ पुलिस के प्रयासों की सराहना की। पुलिस के अनुसार, फरवरी 2024 से जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जाती है, जिसके आधार पर सीसीटीएनएस प्रभारी एवं संबंधित पुलिस टीमें मोबाइल की तलाश कर उसे बरामद करती हैं। वर्ष 2026 में अब तक आजमगढ़ पुलिस 1,779 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 26 लाख 75 हजार रुपये है, बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप चुकी है। वहीं फरवरी 2024 से अब तक के 29 माह में कुल 5,022 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 12 करोड़ 15 लाख रुपये है, बरामद कर लोगों को वापस किए जा चुके हैं। इस अवसर पर थाना स्तर पर गुमशुदा मोबाइल बरामदगी में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।





