आजमगढ़ : 100 दुकानें और एक दर्जन दो मंजिला मकान ध्वस्त

Youth India Times
By -
0




पीडब्ल्यूडी व रेलवे की भूमि से हटाया गया कब्जा, सैकड़ों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट

रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। फूलपुर नगर में शनिवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और रेलवे की भूमि पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान करीब 100 दुकानों और एक दर्जन दो मंजिला मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के लिए चार जेसीबी मशीनें लगाई गईं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार थानों की पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान दुकानदार और मकान मालिक अपने आशियानों और प्रतिष्ठानों को टूटते हुए देखने को मजबूर रहे। बताया जाता है कि खुरासो मोड़ से उदपुर बच्चूलाल पेट्रोल पंप तक पीडब्ल्यूडी और रेलवे की भूमि पर वर्षों से चाय, मिठाई, मछली, मुर्गा, बढ़ईगीरी, बाइक मरम्मत, पंचर, साइकिल, मोची, माली सहित कई छोटे-बड़े व्यवसाय संचालित हो रहे थे। समय के साथ कई लोगों ने पक्के निर्माण कर दुकानों का विस्तार भी कर लिया था। पूर्व में अतिक्रमण हटाने के दौरान केवल अस्थायी निर्माण हटाए जाने के कारण अधिकांश लोगों को इस बार इतनी बड़ी कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी। प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बावजूद कई दुकानदार समय रहते अपना सामान नहीं हटा सके। अभियान के दौरान कई दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। कार्रवाई खुरासो मोड़ से रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार तक की गई। वहीं आगे की कार्रवाई की सूचना मिलते ही उदपुर बच्चूलाल पेट्रोल पंप तक के अधिकांश दुकानदारों ने रातों-रात अपनी दुकानें खाली कर दीं और शटर, दरवाजे समेत अन्य सामान निकाल लिया। अभियान के बाद कई दुकानदार मलबे में दबा अपना सामान तलाशते नजर आए। प्रभावित परिवारों का कहना है कि उनके सामने अब रोजगार और परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में दुकानें हटने से वैकल्पिक स्थान मिलना भी मुश्किल हो गया है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना आवश्यक था। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस दिए गए थे और पूरी कार्रवाई नियमानुसार की गई है।


Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)