आज़मगढ़ : 50 पुड़िया हेरोइन के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

 




4.80 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद, आरोपी पर पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज

आजमगढ़। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायमीर थाना पुलिस ने शनिवार को एक शातिर तस्कर को 50 पुड़िया अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन का कुल वजन 4.80 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक हरिकेश शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बीनापारा पुलिया के पास एक व्यक्ति हेरोइन लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरणपाल सिंह को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान वीरु सोनकर पुत्र महेन्द्र सोनकर, निवासी पूनापोखर, थाना सरायमीर के रूप में हुई। क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 50 पुड़िया अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसका इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर 4.80 ग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सरायमीर में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, चोरी की संपत्ति रखने तथा एनडीपीएस एक्ट समेत कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)