आजमगढ़ : 'पुलिस की दस्तक, अपराधी के घर तक' अभियान तेज, 335 हिस्ट्रीशीटर पुलिस की सतत निगरानी में

Youth India Times
By -
0



46 पुलिस टीमों का गठन, थानावार सत्यापन कर अपराधियों को दी जा रही सख्त चेतावनी

आजमगढ़। जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस ने 'पुलिस की दस्तक, अपराधी के घर तक' अभियान के तहत हिस्ट्रीशीटरों की सघन निगरानी और सत्यापन अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा उन्हें भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी जा रही है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद में कुल 46 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें अपने-अपने थाना क्षेत्रों में हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन कर रही हैं। साथ ही अपराध में दोबारा संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है। पुलिस के अनुसार नगर सर्किल में कुल 335 हिस्ट्रीशीटर चिन्हित हैं। इनमें कोतवाली थाना क्षेत्र के 106, सिधारी के 87, रानी की सराय के 80 तथा कंधरापुर के 62 हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं। सभी के विरुद्ध निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियमित निगरानी एवं सत्यापन की कार्रवाई जारी है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि आजमगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)