कई सचिव व विशेष सचिव स्तर के अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत सचिव और विशेष सचिव स्तर के 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस दौरान आजमगढ़, बलिया और इटावा के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) का भी स्थानांतरण किया गया। साथ ही पीसीएस से आईएएस बने कुछ अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। जारी तबादला सूची के अनुसार, सुधा वर्मा को सचिव राजस्व के पद से हटाकर श्रमायुक्त बनाया गया है। यह पद मार्कंडेय शाही के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त था। डॉ. सारिका मोहन को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा के पद से महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है, जबकि नेहा शर्मा को महानिरीक्षक निबंधन से महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अरुण कुमार को अपर महानिदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म से मिशन निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन बनाया गया है। जे. रीभा को विशेष सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म के साथ अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। दीपा रंजन को मिशन निदेशक राज्य आजीविका मिशन से विशेष सचिव संस्कृति विभाग बनाया गया है। संजय कुमार प्रथम को विशेष सचिव संस्कृति के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है, जबकि विशाल सिंह को निदेशक संस्कृति के प्रभार से कार्यमुक्त कर दिया गया है। संदीप भागिया को अपर आयुक्त राज्य कर के पद से प्रबंध निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम नियुक्त किया गया है। आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना को अपर आयुक्त राज्य कर, गौतमबुद्ध नगर भेजा गया है। उनकी जगह राकेश कुमार पटेल को नया मुख्य विकास अधिकारी, आजमगढ़ बनाया गया है। बलिया की मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज को नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन बनाया गया है, जबकि आलोक कुमार को मुख्य विकास अधिकारी बलिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इटावा के मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम को अपर आयुक्त राज्य कर, गाजियाबाद प्रथम बनाया गया है तथा संजय कुमार सिंह को नया मुख्य विकास अधिकारी इटावा नियुक्त किया गया है। इसके अलावा जग प्रवेश को नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन से विशेष सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग भेजा गया है। मणिकंदन ए को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद तथा डॉ. वंदना वर्मा को संयुक्त प्रबंध निदेशक सहकारी चीनी मिल्स संघ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं रेणु तिवारी को विशेष सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के पद के प्रभार से कार्यमुक्त किया गया है।





