रात में जेसीबी संग पहुंचे ठेकेदार पर अवैध बैरियर लगाने का आरोप, थानाध्यक्ष बोले—मामले की जानकारी नहीं
आजमगढ़। जनपद के मोहम्मदपुर फरिहा तिराहे पर अमौड़ा टोल प्लाजा के तत्कालीन ठेकेदार द्वारा कथित रूप से बिना अनुमति दोबारा बैरियर लगाने का प्रयास ग्रामीणों के विरोध के चलते विफल हो गया। आरोप है कि बीती रात करीब दो बजे ठेकेदार जेसीबी मशीन और 25-30 लोगों के साथ मौके पर पहुंचा तथा सड़क के बीच बैरियर लगाने का कार्य शुरू करा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिना प्रशासनिक अनुमति बैरियर लगाए जाने का कड़ा विरोध किया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि बैरियर लगाने की अनुमति है तो उसका आदेश सार्वजनिक किया जाए, अन्यथा किसी भी कीमत पर सार्वजनिक मार्ग पर अवैध बैरियर नहीं लगाने दिया जाएगा। विरोध बढ़ने पर बैरियर लगाने का कार्य रोकना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के प्रयास से इसी स्थान पर लगाया गया कथित अवैध बैरियर हटाया गया था। इसके बावजूद दोबारा बैरियर लगाने की कोशिश से लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि मोहम्मदपुर फरिहा तिराहा मंत्री के क्षेत्र, एयरपोर्ट मार्ग तथा शाहगंज, अतरौलिया और अंबेडकर नगर को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। ऐसे में यहां बैरियर लगाने से लोगों को अनावश्यक रूप से दूसरे मार्गों से होकर गुजरना पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से बिना अनुमति बैरियर लगाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं गंभीरपुर थाना प्रभारी ने इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि उन्हें सड़क के बीच बैरियर लगाए जाने की कोई जानकारी नहीं है।




