आजमगढ़ : चर्चित डाक्टर सहित दो के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

Youth India Times
By -
0




आयोग की फटकार के बाद पुलिस ने की कार्रवाई, जांच शुरू
आजमगढ़। शहर के दलसिंगार मोहल्ला निवासी संतोष चौधरी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आनंद हॉस्पिटल के संचालक डॉ. आनंद सिंह और एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान के समक्ष शिकायत पहुंचने के बाद हुई। पीड़ित संतोष चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह आनंद हॉस्पिटल में दवा की आपूर्ति का कार्य करता था। दवा के भुगतान को लेकर 22 जून को डॉ. आनंद सिंह और उनके एक कर्मचारी ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां मंजू चौधरी के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि दोनों ने जबरन कागजात पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं, पीड़ित की मां मंजू चौधरी ने सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई के दौरान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उनका पुत्र पिछले करीब तीन वर्षों से आनंद हॉस्पिटल में कार्यरत था। 21 जून को किसी बात को लेकर डॉक्टर से कहासुनी होने के बाद वह अगले दिन काम पर नहीं गया। आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर ने अपने कर्मचारियों के साथ उसे घर से बुलवाकर अस्पताल ले गया, जहां सुबह से रात तक केबिन में बंधक बनाकर मारपीट की गई और परिवार के लोगों को उससे मिलने भी नहीं दिया गया। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)