निजी कार्य से पैदल जाते समय पंचायत भवन के सामने हुआ हादसा
आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली से घर लौटे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, पुष्पनगर निवासी सुरजीत गौतम (पुत्र शिवचरन गौतम) रविवार को ही दिल्ली से अपने घर लौटे थे। देर शाम करीब साढ़े आठ बजे वह किसी निजी कार्य से पैदल पुष्पनगर सोसायटी से हैदराबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरायमीर-दीदारगंज मार्ग पर मीर अहमदपुर तिलक स्थित पंचायत भवन के सामने हैदराबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरजीत गौतम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दीदारगंज थाने के उपनिरीक्षक अवधेश पाल और उपनिरीक्षक रज्जन द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। बताया गया कि मृतक सुरजीत गौतम तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां किसमत्ती देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




