पांच साल के बेटे ने खोला मां के षड्यंत्र का राज, पुलिस जांच में जुटी
कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव पवसरा में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार को राहुल का शव घर में फंदे से लटका मिला था। रविवार को परिजनों ने मृतक की पत्नी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मृतक के पांच वर्षीय बेटे ने भी अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बच्चे का दावा है कि उसकी मां ने कुछ युवकों को घर बुलाया, जिसके बाद उसके पिता राहुल को जबरन इंजेक्शन लगाया गया। आरोप है कि इसके बाद गर्म तार से उन्हें प्रताड़ित किया गया और फिर साथियों के साथ मिलकर फंदे पर लटका दिया गया। राहुल गांव पवसरा का निवासी था और एक राइस मिल की कैंटीन में काम करता था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक के भाई सोनू का आरोप है कि राहुल की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। उनका कहना है कि विवाह के कुछ समय बाद ही राहुल की पत्नी किसी अन्य युवक के साथ चली गई थी और उसके किसी अन्य व्यक्ति से संबंध थे। उनका आरोप है कि इसी वजह से राहुल की हत्या की गई। वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक अन्य पहलू भी सामने आया है। जांच के दौरान यह जानकारी मिली है कि राहुल कर्ज से परेशान था और उसने कुछ गहने एक ज्वेलरी दुकान पर गिरवी भी रखे थे। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के समय मृतक की पत्नी और उसका बेटा घटनास्थल पर नहीं मिले थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर आंचल चौहान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




