सामान लेने गया था कक्षा दो का छात्र; पुलिस ने मैजिक कब्जे में लिया
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ बाजार में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। घर से करीब 100 मीटर दूर किराना दुकान पर सामान लेने गया मासूम दुकान के बाहर रखी कुर्सी पर बैठा था, तभी पास में खड़ी मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर उसे रौंदते हुए आगे बढ़ गई। गंभीर रूप से घायल बालक को जिला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, शाहगढ़ गांव निवासी रिशु चौहान (7) पुत्र राम प्रवेश चौहान गांव के प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में कक्षा दो का छात्र था। रविवार सुबह वह घर से सामान लेने किराना दुकान पर गया था। सामान मांगने के बाद वह दुकान के बाहर रखी कुर्सी पर बैठकर इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पास में खड़ी मैजिक वाहन को चालक ने स्टार्ट कर आगे बढ़ाना चाहा, लेकिन वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सीधे बालक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रिशु को तत्काल जिला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त मैजिक वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक की मां ज्ञानमती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राम प्रवेश चौहान रोजी-रोटी के सिलसिले में खाड़ी देश में हैं। रिशु दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। घटना के बाद परिजनों समेत पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।





