मोहर्रम की सब्बेदारी से लौट रहे थे सभी युवक, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार
आजमगढ़। माहुल नगर पंचायत में मोहर्रम के जुलूस से लौट रहे स्कॉर्पियो कार को एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक सैयद मोहम्मद रजा अख्तर (25) की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि पांच अन्य घायल हो गए। यह घटना रविवार की भोर में माहुल यूनियन बैंक की शाखा के सामने हुई। शनिवार की रात में माहुल नगर पंचायत के मीराबाई वार्ड नंबर सात के छह लोग पवई के बहाउद्दीनपुर में मोहर्रम के जुलूस और कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे रविवार सुबह करीब चार बजे माहुल स्थित घर लौट रहे थे। तभी माहुल यूनियन बैंक की शाखा के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कॉर्पियो को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार चालक सहित सभी छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत फूलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो लोगों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
हादसे में महताब हसन (23), सैयद मो. तकरीर रजा (21), सैयद मोहम्मद रजा (23), सैयद मोहम्मद अब्बास रिजबी (23) और शहरेयार हैदर (24) घायल हुए हैं। ये सभी माहुल नगर पंचायत के मीराबाई वार्ड नंबर सात के निवासी हैं। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उनकी हालत अभी गंभीर बनी है।
अहरौला थानाध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। शव का पंचनामा कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। सैयद मोहम्मद रजा अख्तर तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। माहुल में वेल्डिंग सामग्री तथा हार्डवेयर की दुकान चलाते थे। पुलिस ने ट्रक के पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन स्वामी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।




