सीमांकन के बाद पोल लगाने के दौरान हुआ विवाद, स्कॉर्पियो के शीशे तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के शाहखजुरा गांव में पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शाहखजुरा गांव निवासी सरिता सिंह पत्नी स्वर्गीय कैलाश सिंह का अपनी सौतन सरोज सिंह पत्नी स्वर्गीय कैलाश सिंह से पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 25 जून को राजस्व विभाग की टीम एवं स्थानीय सम्मानित लोगों की मौजूदगी में संपत्ति का सीमांकन किया गया था। प्रार्थिनी का आरोप है कि रविवार 28 जून को करीब 12 बजे वह चिन्हित भूमि पर सीमेंट के पोल लगवा रही थीं। इसी दौरान सरोज सिंह, प्रतीक सिंह तथा कुछ अन्य लोग एक राय होकर मौके पर पहुंचे और ईंट-पत्थर चलाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने उनके बहनोई वीरेंद्र सिंह की स्कॉर्पियो के आगे, पीछे और साइड के शीशे लाठी-डंडों से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से चले गए। इस संबंध में रानी की सराय थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





