शौच के लिए निकला था युवक, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित; परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर नेवादा गांव में शनिवार सुबह घर के बाहर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, दरियापुर नेवादा गांव निवासी अंकित चौरसिया (25) पुत्र राजेश चौरसिया शनिवार सुबह नींद से उठने के बाद शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान घर के बाहर पहले से टूटा हुआ बिजली का तार जमीन पर पड़ा था। अनजाने में उनका पैर तार पर पड़ गया, जिससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि अंकित जौनपुर स्थित आईटीआई में अध्ययनरत थे। साथ ही इटैली बाजार में फल की दुकान चलाकर परिवार का सहयोग भी करते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई अंगद चौरसिया जौनपुर में अधिवक्ता हैं। बेटे की असमय मौत से मां पुष्पा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच की जा रही है।





