पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप, चाकू और असलहों से लैस होकर घर में घुसने की शिकायत
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोट निवासी अधिवक्ता रईस अहमद की तहरीर पर पुलिस ने घर में घुसकर जानलेवा हमला, मारपीट और चाकूबाजी के आरोप में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना 23 जून की रात करीब 9:20 बजे की बताई गई है। पुलिस को दी गई तहरीर में अधिवक्ता रईस अहमद ने आरोप लगाया कि तलहा, समी, उमैर समेत अन्य लोग अपने गिरोह के साथ चाकू और असलहों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया और पथराव भी किया। इस दौरान अधिवक्ता रईस अहमद तथा उनके पुत्र हमजा के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि बड़े पुत्र जैद के पेट में चाकू लगने से वह घायल हो गए। तहरीर के अनुसार, आरोपियों से पहले से रंजिश चल रही थी। अधिवक्ता ने बताया कि उनके छोटे पुत्र शयान अशरफ के साथ पूर्व में हुई मारपीट के मामले में कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





