दो पक्षों में कहासुनी के बाद हुई घटना, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार (रानीपुर रजमो) में सोमवार देर रात आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बाजार में सन्नाटा छा गया। सूचना मिलने पर एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर आरोपी पक्ष के घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक के पुत्र अनुज मोदनवाल पुत्र स्वर्गीय सूरज मोदनवाल निवासी रानीपुर रजमो (बिंद्रा बाजार), थाना गंभीरपुर ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे पड़ोसियों से ताना मारने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि गोलू पुत्र शिवलाल मोदनवाल, शैलेन्द्र मोदनवाल पुत्र शिवलाल, शिव प्रसाद पुत्र स्व. किशोरी मोदनवाल, शिव प्रकाश पुत्र स्व. किशोरी मोदनवाल, अमित मोदनवाल, मोनी पुत्री शिव प्रकाश, दुर्गावती देवी पत्नी स्व. शिवलाल तथा राजू मोदनवाल पत्नी शिव प्रसाद समेत अन्य लोगों ने एक राय होकर उनके पिता सूरज मोदनवाल (58) पर लाठी-डंडा और रॉड से हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार हमले में गंभीर चोट लगने के बाद सूरज मोदनवाल मौके पर गिर पड़े। शोर सुनकर अनुज मोदनवाल और उनके भाई ब्रिजेश मोदनवाल मौके पर पहुंचे तो आरोपित उनके साथ भी मारपीट पर उतारू हो गए। किसी तरह परिजन घायल सूरज को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।






