सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में पुरुष व महिला वर्ग के पहलवानों का होगा चयन
भदोही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मिलेगा मौका
आजमगढ़। जिला कुश्ती संघ आजमगढ़ द्वारा अंडर-23 पुरुष एवं महिला वर्ग कुश्ती चयन ट्रायल का आयोजन 24 मई 2026 दिन रविवार को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी अंडर-23 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता, भदोही में प्रतिभाग करेंगे। जिला कुश्ती संघ के सचिव प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि खिलाड़ियों का वजन सुबह 10 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को वजन में एक किलो की छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी प्रतिभागियों की आयु अंडर-23 वर्ग के अनुरूप होनी चाहिए। वर्ष 2003 से 2007 तक जन्मे खिलाड़ी पात्र होंगे, जबकि वर्ष 2008 के 18 वर्ष पूर्ण कर चुके खिलाड़ी चिकित्सा एवं अभिभावक प्रमाण पत्र के साथ प्रतिभाग कर सकेंगे। आयु एवं अधिवास सत्यापन के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट अथवा जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य रहेगा। पुरुष फ्री स्टाइल वर्ग में 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97 एवं 125 किलोग्राम भार वर्ग शामिल हैं। महिला वर्ग में 50, 53, 55, 57, 59, 62, 65, 68, 72 एवं 76 किलोग्राम भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं ग्रीको रोमन वर्ग में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 एवं 130 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले होंगे। रजिस्ट्रेशन एवं अधिक जानकारी के लिए सत्यवान यादव (9451512349) एवं रामवृक्ष यादव (9889156088) से संपर्क किया जा सकता है।






