शिवानी सिंह का जंगल में मिला शव, प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ। राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में एक युवती की बेहद बेरहमी से हत्या कर शव फेंके जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीजीआई थाना क्षेत्र के एल्डिको-2 रक्षाखंड निवासी 22 वर्षीय शिवानी सिंह का खून से लथपथ शव उतरेठिया रेलवे लाइन किनारे जंगल में मिला। हत्यारों ने पहचान छुपाने के इरादे से ईंट से उनका सिर और चेहरा बुरी तरह कूंच दिया था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग के एंगल से मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर ग्रामीणों ने जंगल में युवती का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल शुरू की। युवती की पहचान तत्काल नहीं हो सकी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। इसी बीच सोमवार दोपहर पीजीआई क्षेत्र निवासी गीता अपनी बेटी शिवानी सिंह की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचीं। पुलिस ने उन्हें सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में मिले अज्ञात युवती के शव की जानकारी दी। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने पर गीता ने शव की पहचान अपनी बेटी शिवानी के रूप में की। परिजनों के मुताबिक शिवानी रविवार सुबह घर से दफ्तर जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। शिवानी एक रियल एस्टेट कंपनी में रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत थीं। हालांकि पुलिस जांच में पता चला कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही नौकरी छोड़ दी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर उन्होंने नौकरी क्यों छोड़ी थी और बीते कुछ दिनों में वह किन लोगों के संपर्क में थीं। बताया जा रहा है कि 14 मई को ही शिवानी की सगाई हुई थी। उनके पिता दीपू प्रयागराज में मजदूरी करते हैं, जबकि परिवार में मां और एक छोटी बहन हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही शिवानी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर गहनता से जांच जारी है।






