आजमगढ़ में अंतरधार्मिक विवाह को लेकर हंगामा, पुलिस ने रुकवाया कार्यक्रम

Youth India Times
By -
0




मैरिज हॉल में सगाई के नाम पर बुक था कार्यक्रम, दोनों पक्षों के परिजन थे मौजूद

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ कस्बा स्थित एक मैरिज हॉल में अंतरधार्मिक विवाह की सूचना पर रविवार को हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार्यक्रम को रुकवा दिया। वहीं विश्व हिंदू गौ रक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और विवाह का विरोध जताया। जानकारी के अनुसार गौतम बुद्ध नगर के जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र निवासी आसिफ अपने परिजनों के साथ अजमतगढ़ कस्बा स्थित मैरिज हॉल में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम सगाई के नाम पर बुक कराया गया था, जबकि वहां दलित युवती के साथ विवाह की तैयारी चल रही थी। मौके पर दोनों पक्षों के परिजन भी मौजूद थे और विवाह के उपलक्ष्य में भोजन की व्यवस्था की गई थी। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर विश्व हिंदू गौ रक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष दृष्ट धूम्रन प्रजापति अपने कार्यकर्ताओं के साथ मैरिज हॉल पहुंचे और कार्यक्रम का विरोध किया। इसके बाद मामले की सूचना जीयनपुर प्रभारी निरीक्षक परमात्मा मिश्र तथा अजमतगढ़ चौकी प्रभारी को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर कार्यक्रम रुकवा दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में माहौल शांत बना रहा। जीयनपुर प्रभारी निरीक्षक परमात्मा मिश्र ने बताया कि युवक और युवती दोनों बालिग हैं तथा दोनों पक्षों के परिजन भी विवाह के लिए तैयार थे। उन्होंने कहा कि किसी संगठन अथवा अन्य पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है और न ही इस मामले में कोई विधिक कार्रवाई की गई है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)