प्रमाण पत्र प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के खुशी से खिल उठे चेहरे
आजमगढ़। जिले जहानागंज के धनहुआ में स्थित एसकेडी विद्या मंदिर में सोमवार को हिन्दुस्तानओलम्पियाड परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को अंक पत्र एवं सर्टिफिकेट वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह एवं उल्लास का माहौल देखने को मिला। प्रमाण पत्र प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी प्रतियोगी परीक्षाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य केके शरन ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए भी सदैव तैयार रहना चाहिए। विद्यालय के व्यवस्थापक श्रीकान्त सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि परिश्रम और लगन से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से निरंतर अध्ययन करने एवं अपने विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर योगेश अस्थाना, महाश्वेता, प्रियंका, रचना, प्रमोद, विमलेश सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।





