एसएसपी के निर्देश पर दर्ज हुई प्राथमिकी
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने बजरंग दल के कार्यकर्ता पर शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सुलेमपुर हीरापट्टी निवासी एक युवती ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि दलसिंगार मोहल्ला निवासी आदित्य सोनी पिछले करीब तीन वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। युवती का आरोप है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो युवक पहले साथ रहने को तैयार हुआ, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी कुछ तस्वीरें वायरल भी कर दी हैं और अधिक दबाव बनाने पर जान से मरवाने की धमकी दी है। पीड़िता का कहना है कि उसने स्थानीय थाने पर भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने 14 मई को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत प्रकोष्ठ में प्रार्थना पत्र दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत प्रकोष्ठ ने क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। शहर कोतवाल यादवेंद्र पाण्डेय ने बताया कि आरोपी आदित्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।






