लाठी-डंडे और रॉड से हमला करने का आरोप; 20 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बरडीहा उर्फ गडेरूआ स्थित विशेन बीएस पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर तेल देने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट और हमले का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने किशन चौहान, एक महिला समेत 20 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के छीड़ी ब्राह्मण सरैया निवासी विवेक तिवारी ने मुबारकपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह विशेन बीएस पेट्रोलियम पर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि 15 मई की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे किशन चौहान अपने तीन साथियों के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचा और एक हजार रुपये का पेट्रोल मांगा। तेल की कमी के चलते कर्मचारियों द्वारा दोपहिया वाहनों में केवल 300 रुपये तक का पेट्रोल देने की बात कही गई, जिस पर विवाद हो गया। तहरीर के अनुसार आरोपित गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए, लेकिन शाम करीब सात बजे 15-16 लोगों और एक महिला के साथ लाठी-डंडा, रॉड व अन्य हथियार लेकर दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंच गए। आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे पेट्रोल पंप मालिक के चाचा सतीश चंद सिंह पर रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुटने लगी। आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बताया गया कि भगदड़ के दौरान आरोपितों की तीन मोटरसाइकिल मौके पर ही छूट गईं, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर किशन चौहान, एक महिला तथा अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






