बुलेट बाइक पर पेट्रोल डालकर बनाई थी खतरनाक इंस्टाग्राम रील
पुलिस ने बाइक सीज कर शुरू की विधिक कार्रवाई
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर खतरनाक तरीके से आग लगाकर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। थाना कोतवाली पुलिस ने इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर “serveshsonkar” नामक आईडी से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UP50DC3535 के चारों तरफ पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए रील बनाता दिखाई दे रहा था। यह वीडियो सार्वजनिक स्थान पर बनाया गया था, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया और सड़क भी क्षतिग्रस्त हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी सिविल लाइन उ0नि0 अभिषेक कुमार मिश्रा की तहरीर पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 235/2026 धारा 285/287/288 बीएनएस एवं 7 CLA एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान सर्वेश सोनकर पुत्र स्व. प्रकाश सोनकर निवासी डीएवी कांशीराम आवास, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ के रूप में की। शनिवार को उ0नि0 सूर्यपाल मय पुलिस टीम ने आरोपी सर्वेश सोनकर को थाना कोतवाली परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 सूर्यपाल, रि0का0 रितेश चौधरी तथा रि0का0 अश्वनी सिंह शामिल रहे।






