हत्या, लूट, गोतस्करी, दुष्कर्म समेत संगीन अपराधों में शामिल अपराधियों पर लगातार पुलिस कर रही निगरानी
आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 20 सितंबर 2025 से अब तक हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गोवध, गो-तस्करी, हत्या का प्रयास, चोरी, नकबजनी, अपमिश्रित शराब, धोखाधड़ी, दुष्कर्म तथा मारपीट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त कुल 78 अपराधियों के विरुद्ध हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की गई है। पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित अपराधियों के आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई कर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों में कानून का भय कायम रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। जनपद के विभिन्न थानों में हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की गई है। इसमें थाना गम्भीरपुर और अहरौला में सर्वाधिक 11-11 अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई हुई है। वहीं थाना मुबारकपुर और निजामाबाद में 6-6 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। थाना महराजगंज, जीयनपुर और सिधारी में 5-5, थाना फूलपुर और अतरौलिया में 4-4, थाना मेंहनगर, कंधरापुर और तरवां में 3-3 अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त थाना नगर कोतवाली, मेहनाजपुर, देवगांव और बिलरियागंज में 2-2 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। वहीं थाना रौनापार, तहबरपुर, सरायमीर, बरदह और कप्तानगंज में 1-1 अपराधी के खिलाफ हिस्ट्रीशीट की कार्रवाई की गई। आजमगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ बड़ी मुहिम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।






