![]() |
| कंप्यूटरीकृत फोटो |
ससुर पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के राहुल नगर मड़या निवासी प्रमोद निषाद ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी और अपनी पत्नी की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवक ने युवती के पिता पर धमकी देने, फर्जी मुकदमा दर्ज कराने और युवती को घर में बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। युवक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रमोद निषाद पुत्र स्वर्गीय सल्लू निषाद का आरोप है कि उसने उक्त युवती से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मंदिर में विवाह किया है। वह बालिग है और उसकी जन्मतिथि कक्षा-8 की मार्कशीट तथा आधार कार्ड में 11 जुलाई 2006 दर्ज है। वहीं आरोप है कि बाद में हाईस्कूल की मार्कशीट में जन्मतिथि बदलकर 5 नवंबर 2010 करा दी गई। प्रार्थना पत्र के अनुसार इसी आधार पर शहर कोतवाली में मुकदमा संख्या 398/2025 धारा 137(2), 87, 61(2), 65(1) बीएनएस के तहत उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया। हालांकि बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया। प्रमोद ने आरोप लगाया कि 1 मई 2026 को उसकी पत्नी के पिता द्वारा मोबाइल फोन पर धमकी भरे संदेश भेजे गए और जान से मारने की धमकी दी गई। युवक का कहना है कि उसे अपनी हत्या कराए जाने की आशंका है और वह भय के माहौल में जी रहा है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि उसकी पत्नी को उसके परिजन स्वतंत्र रूप से नहीं रहने दे रहे हैं तथा उसे घर में बंद कर प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जांच के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






