आज़मगढ़ : प्रेम प्रसंग में युवक-युवती ने खाया जहर, इंटर के छात्र की मौत

Youth India Times
By -
0





परिजनों के विरोध से परेशान थे दोनों, युवती की हालत गंभीर, निजी अस्पताल में भर्ती

आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के जमीन बारी गांव में गुरुवार देर शाम प्रेम प्रसंग से परेशान युवक और युवती द्वारा विषाक्त पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान इंटर के छात्र युवक की मौत हो गई, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जमीन बारी गांव निवासी 19 वर्षीय अवनीश यादव पुत्र विश्राम यादव का गांव की ही एक 18 वर्षीय युवती से काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। परिवार वालों को प्रेम संबंध की जानकारी होने के बाद दोनों के मिलने-जुलने पर रोक लगा दी गई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार की शाम गांव में एक व्यक्ति के यहां बहू भोज का कार्यक्रम था। अवनीश घर से कार्यक्रम में जाने की बात कहकर निकला था। वहीं कार्यक्रम में युवती से उसकी मुलाकात हो गई। इसके बाद दोनों गांव के नदी किनारे स्थित जंगल की ओर चले गए, जहां उन्होंने विषाक्त पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर युवती ने अवनीश के मोबाइल फोन से उसके परिजनों को कॉल कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को आनन-फानन में मंडलीय जिला अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान रात करीब 10 बजे अवनीश की मौत हो गई। वहीं युवती की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे शहर के जुनेदगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अवनीश इंटर का छात्र था और पांच बहनों तथा दो भाइयों में छठे नंबर पर था। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)