आज़मगढ़ : एक्सपायरी माजा मिलने के बाद सतर्क हुआ खाद्य विभाग

Youth India Times
By -
0




जिले भर में चलाया अभियान, 13 नमूने जांच को भेजे गए

प्रताप इंटरप्राइजेज पर एक्सपायरी माजा जूस सप्लाई करने का मामला आया था सामने
आजमगढ़। भीषण गर्मी के बीच आमजन को सुरक्षित पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद में व्यापक अभियान चलाया। इसी दौरान हरवंशपुर मिशन रोड स्थित प्रताप इंटरप्राइजेज से एक्सपायरी माजा जूस की सप्लाई किए जाने का मामला सामने आने के बाद विभाग की कार्रवाई और तेज हो गई। शिकायत के आधार पर मिशन रोड नरौली स्थित प्रतिष्ठान से मैंगो ड्रिंक का नमूना भी संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। आपको बता दें कि मिशन हॉस्पिटल के पास एक दुकान से खरीदी गई माजा जूस की दो बोतलें जांच में वर्ष 2025 की एक्सपायरी निकलीं। दुकानदार ने खरीद की रसीद दिखाते हुए बताया कि उक्त माल हरवंशपुर मिशन रोड स्थित प्रताप इंटरप्राइजेज से सप्लाई किया गया था। जांच के दौरान दुकान में रखी करीब 10 अन्य बोतलें भी एक्सपायरी पाई गईं। आरोप है कि मामले की जानकारी होने पर कंपनी से जुड़े कुछ लोग मौके पर पहुंचे और बोतलों को हटाने लगे। विरोध करने पर उपभोक्ता को धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर फूड इंस्पेक्टर से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। इसी बीच आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उ०प्र० लखनऊ तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर गठित विशेष प्रवर्तन दल ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान नरौली से 02 मैंगो शेक, मिशन रोड नरौली से 01 मैंगो ड्रिंक, सिविल लाइन रोडवेज से 01 लस्सी व 01 मैंगो ड्रिंक, रानी की सराय से 01 मैंगो शेक, जगरनाथ सराय से 01 कैफिनेटेड बेवरेज व 01 कार्बोनेटेड बेवरेज, जीयनपुर से 01 लीची ड्रिंक, लालगंज तहसील क्षेत्र से 02 एनर्जी ड्रिंक, फूलपुर से 01 कार्बोनेटेड बेवरेज तथा निजामाबाद के सोफीपुर से 01 कार्बोनेटेड बेवरेज का नमूना लिया गया। कुल 13 नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आजमगढ़ सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि अभियान के दौरान लोगों को जागरूक भी किया गया। उन्होंने कहा कि कटे-फटे व सड़े-गले फलों से बने उत्पादों के सेवन से बचें तथा खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों का उपयोग न करें। पैक्ड खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदने से पहले उसकी “बेस्ट बिफोर” और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की चेतावनी भी दी गई। छापेमार दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोविन्द यादव, राजीव कुमार सिंह, संजय कुमार तिवारी, सुचित प्रसाद, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमर नाथ, रजनीश कुमार एवं बेबी सोनम शामिल रहीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)