बाइक से धक्का लगने के बाद मारपीट का आरोप, युवक ICU में भर्ती; ईंट से सिर पर वार करने का आरोप
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में बाइक से धक्का लगने के बाद हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में डायल 112 में तैनात एक सिपाही समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल युवक का जिला अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में घोरठ मोहल्ला निवासी रमाकान्त शुक्ल पुत्र स्व. विक्रमा शुक्ल ने सिधारी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह अपने पुत्र रविकान्त शुक्ल के साथ गुरुवार रात करीब 9:30 बजे पुराने आरटीओ ऑफिस के सामने स्थित मंदिर के पास से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार रामबाबू, जो बिलरियागंज थाने में डायल 112 पर तैनात बताया जा रहा है, तथा उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने उन्हें धक्का मार दिया। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि सिपाही रामबाबू ने फोन कर 5-6 अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद सभी ने मिलकर रविकान्त शुक्ल की पिटाई कर दी। तहरीर के अनुसार मारपीट के दौरान सिपाही रामबाबू ने ईंट से रविकान्त के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा और उल्टियां करने लगा। घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर ICU में उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सिधारी पुलिस ने आरोपी सिपाही रामबाबू सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






