युवती ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंप लगाई न्याय की गुहार
आजमगढ़। जनपद में शादी का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में युवती ने गर्भपात कराने, धोखाधड़ी करने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि वह रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। युवती के अनुसार उसकी बुआ की शादी मुबारकपुर क्षेत्र में हुई थी, जिसके चलते आरोपी युवक जो उसकी बुआ का देवर है और उसका उसके घर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि युवक ने शादी और गाड़ी दिलाने का भरोसा देकर युवती को अपने विश्वास में लिया और पिछले करीब चार वर्षों तक कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती भी हुई, जिसके बाद आरोपी ने दबाव बनाकर उसका गर्भपात करा दिया। जब युवती ने शादी करने की बात कही तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में परिवार वालों को पूरे मामले की जानकारी हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई। पंचायत में आरोपी युवक ने विदेश से लौटने के बाद शादी करने का भरोसा दिया था। पीड़िता के अनुसार आरोपी कुछ दिन पहले विदेश से वापस लौटा, जिसके बाद युवती के परिजन शादी की बात लेकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि वहां युवक और उसके परिवार वालों ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसी बीच जानकारी मिली कि युवक की शादी 22 मई को किसी दूसरी युवती से तय कर दी गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी शुरू से ही शादी करने की नीयत नहीं रखता था और उसने झूठा भरोसा देकर उसका शोषण किया। युवती का यह भी कहना है कि आरोपी और उसके परिवार के लोग अब उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। फिलहाल पीड़िता ने एसएसपी से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






