आजमगढ़ : मनबढ़ों ने बिजली विभाग के जेई को पीटा

Youth India Times
By -
0




जातिसूचक टिप्पणी का भी आरोप, थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट : सर्वेश पांडेय
आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग के एक अवर अभियंता के साथ कथित मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का मामला सामने आया है। पीड़ित अवर अभियंता ने थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सहदेव राम पुत्र लक्षीराम, जो विद्युत उपकेंद्र बिलरियागंज में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं और अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध रखते हैं, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह गुरुवार सुबह लगभग 9:45 बजे अपने उपकेंद्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक चार पहिया वाहन पर सवार साहिल राय पुत्र अजय राय, प्रांजल राय पुत्र अजय राय तथा उनके साथ मौजूद चार अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी गाड़ी को जबरन रुकवा लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने पहले उनका पद पूछा और जाति की जानकारी होने पर सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। घटना में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, सूजन हो गई तथा अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। पीड़ित अवर अभियंता ने इसे गंभीर एवं दंडनीय अपराध बताते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)