आजमगढ़ : अमरेश सिंह पर जानलेवा हमले का आरोपी अमन सिंह गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0





तीन बोतल शराब के साथ बिहार में पकड़े जाने पर यूपी पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
आजमगढ़/मऊ। अमरेश सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी अमन सिंह को बिहार की एक्साइज टीम ने नाटकीय ढंग से तीन बोतल शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस, विशेषकर मऊ पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि घटना मऊ जिले में हुई थी और आरोपी फरार चल रहा था। बताते चलें कि अमरेश सिंह के परिवार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 मई की रात करीब 9 बजे अमरेश सिंह चिरैयाकोट क्षेत्र से एक तेरही कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार सवार अमन सिंह ने उनकी गाड़ी रोक ली और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। परिवार का आरोप है कि उस समय अमरेश सिंह स्वयं वाहन चला रहे थे और उनके पास कोई असलहा नहीं था। कार में उनके कुछ रिश्तेदार और मित्र भी मौजूद थे। हमलावरों ने लगभग एक दर्जन राउंड फायरिंग की, जिसमें अमरेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि साथ बैठे अन्य लोगों को गोलियां छूते हुए निकल गईं। घटना के बाद मौजूद लोगों ने घायल अमरेश सिंह को तत्काल वेदांत हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। परिवार का कहना है कि अब तक एक गोली उनके शरीर से नहीं निकाली जा सकी है। इधर, मुख्य आरोपी अमन सिंह की बिहार में शराब के साथ गिरफ्तारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि जब घटना उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में हुई थी, तब आरोपी बिहार तक कैसे पहुंच गया। इसे लेकर मऊ पुलिस की सक्रियता और कार्रवाई पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)