सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, नौ छात्रों ने हासिल किए 90 प्रतिशत से अधिक अंक
आजमगढ़। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई), नई दिल्ली द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही छात्रों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय की मेधावी छात्रा अदिति सिंह ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया। वहीं इशिका गुप्ता ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान, अभिषेक सिंह ने 92.8 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय तथा प्रिंस कुमार यादव ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान हासिल किया। विषयवार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में प्रिंस कुमार यादव ने बायोलॉजी में 100 अंक प्राप्त किए। अभिषेक सिंह एवं साक्षी सिंह ने केमिस्ट्री में 98 अंक, इशिका गुप्ता ने फिजिकल एजुकेशन में 98 अंक, आयुष जायसवाल ने कंप्यूटर साइंस में 98 अंक, मोनिका यादव ने हिंदी में 98 अंक तथा अंबर यादव ने अंग्रेजी में 97 अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय के कुल नौ विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चन्द्रा, आवासीय प्रबंधक प्रयुम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, सीएओ साक्षी बिसेन, उप-प्रधानाचार्य तरणी कुमार श्रीवास्तव, विद्यालय समन्वयक धीरेन्द्र भारद्वाज, वरिष्ठ समन्वयक डॉ. रश्मि पाण्डेय तथा कनिष्ठ समन्वयक मोना सिंह सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने मेधावी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह परीक्षा परिणाम छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के अथक परिश्रम, लगन और त्याग का प्रतिफल है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय की हार्दिक इच्छा है कि बच्चे निरंतर नई ऊंचाइयों को स्पर्श करें। अंत में उन्होंने समस्त विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।





