आजमगढ़ : पंचायत चुनाव मतदाता सूची फर्जीवाड़ा मामले में ग्राम प्रधान गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0





फर्जी पांडुलिपि और कूटरचित हस्ताक्षर से मतदाता सूची में हेरफेर का आरोप

आजमगढ़। पंचायत निर्वाचन की मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा करने के मामले में जीयनपुर पुलिस ने वांछित ग्राम प्रधान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार फर्जी पांडुलिपि तैयार कर मतदाता सूची में अवैध रूप से नाम जोड़ने और हटाने के लिए कूटरचित हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना जीयनपुर पुलिस ने रविवार सुबह आरोपी ग्राम प्रधान मोहम्मद अजीम पुत्र मोहम्मद नुमान खान निवासी ग्राम अंजान शहीद को पकवाइनार मोड़ स्थित नंदू की चाय दुकान के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी सुबह करीब 6:50 बजे की गई। मामले की शुरुआत तब हुई जब तहसील सगड़ी में तैनात राजस्व निरीक्षक ने थाना जीयनपुर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान विकास खंड अजमतगढ़ की मतदाता पांडुलिपियों की जांच में ग्राम अंजान शहीद के वार्ड संख्या 10 से 15 तक की फर्जी पांडुलिपि पाई गई। जांच में सामने आया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने से संबंधित दस्तावेजों पर बीएलओ, सुपरवाइजर और अन्य अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। पुलिस के अनुसार विकास खंड अजमतगढ़ में कार्यरत कर्मचारी संतोष भाष्कर ने ग्राम प्रधान मोहम्मद अजीम, उसके सहयोगी नदीम और अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी पांडुलिपि तैयार कर उसे मूल सूची में शामिल कराया, जिससे मतदाता सूची में हेरफेर किया गया। इस संबंध में थाना जीयनपुर में मुकदमा संख्या 0220/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती की माफी मांगी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक दल प्रताप सिंह, कांस्टेबल अक्षय प्रसाद और कांस्टेबल अवधेश कुशवाहा शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)