देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में स्पा मसाज सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को पुलिस ने शहर और उपनगरों के कई स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की, जहां से युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया। सीओ सिटी संजय रेड्डी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने पुरवा चौराहा स्थित एक स्पा सेंटर पर छापा मारा, जहां से तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। इसके बाद रुद्रपुर मोड़ के पास स्थित स्पा सेंटर पर कार्रवाई की गई, जहां से पांच युवतियों समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं सलेमपुर उपनगर में सीओ मनोज कुमार ने कोतवाली पुलिस के साथ जमुआ वार्ड नंबर दो स्थित स्पा सेंटर पर छापेमारी की। यहां कमरे से दो जोड़ों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया, जिसमें सेंटर का एक मैनेजर भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। कार्रवाई के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने इन स्पा सेंटरों में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाया। सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि स्पा सेंटरों की शिकायत मिलने पर छापेमारी की गई है और कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी पुलिस ने शहर के कई स्पा सेंटरों पर कार्रवाई कर उन्हें बंद कराया था। वहीं सिविल लाइंस थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि हाल ही में चेकिंग अभियान चलाया गया था, लेकिन उस दौरान कोई भी स्पा सेंटर संचालित नहीं पाया गया।
Post a Comment
0Comments






