आजमगढ़ : कृषि विभाग के कर्मचारी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

Youth India Times
By -
0

 






59 किसानों को गलत तरीके से ‘गांव से बाहर’ दिखाकर योजना से वंचित करने का आरोप
आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र से कृषि विभाग के एक कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगने का मामला सामने आया है। शासन के निर्देश पर किसानों की फार्मर आईडी बनाने के अभियान के बीच संबंधित कर्मचारी द्वारा लापरवाही और अनियमितता बरतने की शिकायत की गई है। पुलिस ने आरोपी खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा किसानों की फार्मर आईडी बनाने के लिए लगातार बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हरिऔध कला केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कोई भी पात्र किसान इस योजना से वंचित न रहे। इसके बावजूद आरोप है कि एटीसी पद पर तैनात हरिहर यादव द्वारा कई महीनों से निर्देशों की अनदेखी की जा रही थी। शिकायतकर्ता राजन कुमार (एपीओ) ने आरोप लगाया है कि संबंधित कर्मचारी ने गांवों में जाकर किसानों से संपर्क नहीं किया और फार्मर आईडी बनाने में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की। इतना ही नहीं, बार-बार जानकारी मांगने पर उन्होंने गलत सूचनाएं दीं, जैसे लाभार्थी के लापता होने, गांव से बाहर होने या ओटीपी न आने की बात कहकर प्रशासन को गुमराह किया। मामला तब उजागर हुआ जब 9 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन द्वारा विशेष कैंप आयोजित कर अन्य विभागों के अधिकारियों को गांवों में भेजा गया। सत्यापन के दौरान पाया गया कि 59 किसानों को पोर्टल पर गलत तरीके से ‘गांव से बाहर’ दिखाया गया था, जबकि सभी किसान गांव में ही मौजूद मिले। शिकायत में यह भी आरोप है कि इस तरह की कार्रवाई से गरीब किसानों को सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मिलने वाले वित्तीय लाभ से वंचित किया गया। इसे एक सुनियोजित साजिश बताते हुए संबंधित कर्मचारी पर भरोसे के उल्लंघन का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने थाना सिधारी में तहरीर देकर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज मामले की जांच में जुट गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)