जीजा की बहन से कराओ शादी, वरना कूद जाऊंगा

Youth India Times
By -
0




प्यार में अड़ा युवक चढ़ा हाईटेंशन टॉवर पर, शादी की जिद में दो घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

उरई। बॉलीवुड फिल्म शोले का मशहूर टंकी वाला सीन गुरुवार को उरई में हकीकत बनता नजर आया, जब एक युवक अपने प्रेम संबंध को अंजाम तक पहुंचाने की जिद में हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ गया। युवक ने करीब दो घंटे तक ऊपर से हंगामा करते हुए अपनी शादी की मांग दोहराई और कूदने की धमकी दी। घटना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि झांसी जिले के मुस्तरा थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक अपने जीजा की बहन से प्रेम करता है और उसी से शादी करना चाहता है। लेकिन पारिवारिक रिश्तेदारी का हवाला देते हुए घरवाले इस रिश्ते के खिलाफ हैं। गुरुवार को एक बार फिर युवक ने शादी की जिद की, लेकिन परिजनों ने सख्ती से मना कर दिया। इससे नाराज होकर युवक घर से निकल गया और जीजा के गांव पहुंचकर हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर चढ़कर युवक ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया, जिससे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।युवक बार-बार कहता रहा कि अगर उसकी शादी जीजा की बहन से नहीं कराई गई तो वह कूदकर जान दे देगा। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों के साथ मिलकर युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को शादी कराने का आश्वासन देकर किसी तरह नीचे उतरने के लिए राजी किया। युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही सभी ने राहत की सांस ली। शहर कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, हालांकि पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)