अंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल, पुलिस पर पथराव

Youth India Times
By -
0






अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, 3 पुलिसकर्मी घायल, 15 हिरासत में
अमेठी। अमेठी के रामगंज थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव में शनिवार को ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया, जिससे हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। इस घटना में तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए, जबकि कई ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार गांव में करीब पांच बिस्वा भूमि सुरक्षित खाते में दर्ज है, जिसका उपयोग पशु शव निस्तारण के लिए किया जाता है। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस भूमि पर कब्जे की नीयत से पहले चबूतरा बनाकर उस पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। शिकायत मिलने पर राजस्व टीम ने पैमाइश कर भूमि को सुरक्षित पाया और चबूतरा हटवा दिया। इसके बावजूद शनिवार को दोबारा प्रतिमा स्थापित कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी से चबूतरा हटवाकर प्रतिमा को सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया। हालांकि पुलिस के लौटते ही फिर से प्रतिमा स्थापित कर दी गई। दूसरी बार कार्रवाई के दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। घटना के बाद 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है और गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)