विवाद के बाद वारदात, आरोपी गिरफ्तार; शादी में बन रही थी बाधा
वाराणसी। कमिश्नरेट के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां देवर ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुजीत पटेल की पत्नी पूनम पटेल (32) का अपने देवर अजीत पटेल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई, जिस पर आरोपी अजीत ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पूनम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पूनम घर के दरवाजे पर ही गिर पड़ीं। आरोप है कि इसके बाद भी हमलावर नहीं रुका और उसने कुल्हाड़ी से वार कर महिला के दाहिने पैर का निचला हिस्सा काट दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव व थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि आरोपी अपनी भाभी की बहन से शादी करना चाहता था, जिसमें पूनम बाधा बन रही थीं। इसी को लेकर वह काफी समय से नाराज चल रहा था। मृतका का एक छह वर्षीय पुत्र है, जबकि उसके पति सुजीत पटेल रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी हैं। घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और पत्नी की हालत देखकर बेसुध हो गए। कुछ ही देर में मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। फिलहाल पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।






