आजमगढ़ : तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी की हालत गंभीर

Youth India Times
By -
0





अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, मृतक के परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव निवासी अभय मौर्य (36) अपनी पत्नी शशिकला (34) के साथ किसी काम से आजमगढ़ आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों शाम के समय बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के धनछुला (जमीन हरखोरी) गांव के पास पहुंचे, तभी लाटघाट की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात चार एक पहिया वाहन ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाटघाट पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद अभय मौर्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी शशिकला की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल शशिकला का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई महेश की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी वाहन की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि अभय मौर्य अपने परिवार के बड़े बेटे थे और उनके दो छोटे-छोटे पुत्र हैं। उनकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी वाहन व चालक को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)