आजमगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: तीन मुठभेड़ों में 3 शातिर बदमाश घायल, गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0






हत्या के प्रयास, लूट और गोवध तस्करी के आरोपी पुलिस मुठभेड़ में दबोचे गए, अवैध असलहा व चोरी का सामान बरामद

आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना तरवां, कोतवाली नगर और गंभीरपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर वांछित अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, तीनों अभियुक्तों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा हेतु की गई कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी और उन्हें मौके से पकड़ लिया गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। थाना तरवां क्षेत्र में पूर्व रंजिश में टैम्पू चालक पर फायरिंग करने वाले आरोपी रमेश यादव उर्फ अनार यादव को बहलोलपुर के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। उसके पास से तमंचा, कारतूस, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद हुई। वहीं कोतवाली नगर क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय अपराधी धर्मेंद्र सिंह उर्फ अभिषेक सिंह को मोहती घाट के पास मुठभेड़ में दबोचा गया। उसके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, चोरी का बैग, लैपटॉप, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके अलावा थाना गंभीरपुर पुलिस ने प्रतिबंधित मांस तस्करी के मामले में वांछित शादाब अहमद को रोहुआ मुस्तफाबाद क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित रूप से प्रतिबंधित पशुओं के वध और मांस तस्करी की बात स्वीकार की है। तीनों मामलों में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने मुठभेड़ में शामिल टीमों की सतर्कता और साहस की सराहना की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)