आजमगढ़ जनपद के इस ब्लॉक में परीक्षा व्यवस्था फेल, 15 स्कूलों में नहीं पहुंचा गणित का पेपर

Youth India Times
By -
0





प्रश्नपत्र के इंतजार में बैठे रहे छात्र, शिक्षक भी रहे असमंजस में, अभिभावकों में नाराजगी, अधिकारियों ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
आजमगढ़। जिले के विकासखंड जहानागंज में शनिवार को परिषदीय विद्यालयों में आयोजित कक्षा 5 और कक्षा 8 की गणित एवं सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। व्यवस्थागत खामियों के चलते 15 उच्च प्राथमिक (जूनियर) विद्यालयों में गणित का प्रश्नपत्र ही नहीं पहुंच सका, जिससे परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। जानकारी के अनुसार, ब्लॉक में कुल 103 प्राथमिक और 46 उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें पूर्व माध्यमिक विद्यालय जहानागंज, खालसा, अमदही, मंदे, अफजलपुर, निजामपुर, अहिरौली, पारसी, ताड़ी, कलैला, फैजपुर, किशनपुर तथा कंपोजिट विद्यालय सोनापुर, करऊत और कादीपुर सहित कुल 15 विद्यालय ऐसे रहे, जहां गणित का पेपर नहीं पहुंचा। परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राएं प्रश्नपत्र का इंतजार करते रहे, जबकि शिक्षक भी असमंजस की स्थिति में नजर आए। कई स्थानों पर बच्चों को बिना परीक्षा दिए ही लौटना पड़ा। विशेष रूप से कंपोजिट विद्यालय कादीपुर में कक्षा 5 के 12 छात्रों में से केवल 7 को ही गणित का प्रश्नपत्र मिल पाया, जबकि शेष छात्र वंचित रह गए। इस लापरवाही को लेकर अभिभावकों में काफी नाराजगी देखी गई। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने और बच्चों का शैक्षणिक नुकसान न हो। खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे ने बताया कि सभी प्रश्नपत्र जिला स्तर से विद्यालयवार बाइंडिंग कर भेजे गए थे, लेकिन कुछ विद्यालयों में गणित के पेपर नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए वे जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय जा रहे हैं और जल्द ही आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना ने परीक्षा की तैयारियों और प्रश्नपत्र वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)