आजमगढ़ : सर्वोदय पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित

Youth India Times
By -
0







मेडल व प्रमाण पत्र देकर मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित, अभिभावकों को भी मंच पर मिला गौरव
अब सर्वोदय में इस वर्ष से नीट एवं जेईई की फाउंडेशन कक्षाएं भी की जा रही हैं प्रारंभ : राजेन्द्र प्रसाद यादव, प्रबंधक
आज़मगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में रविवार, 29 मार्च को वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके उपरांत विद्यालय की निदेशिका कंचन यादव ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा प्रधानाचार्य द्वारा पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। विद्यालय की प्रबंध निदेशिका कंचन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 11 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिनमें नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी, कक्षा 1 से 9 तथा कक्षा 11 के अनेक विद्यार्थियों ने अपने-अपने वर्ग में शीर्ष स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसी क्रम में सर्वोदय पब्लिक इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी कक्षा 6 से 11 तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि ये विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनकी मेहनत का परिणाम आज सामने आया है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बताया कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए इस वर्ष से नीट एवं जेईई की फाउंडेशन कक्षाएं भी प्रारंभ की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अपने जनपद में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। उपप्रधानाचार्य संजय कुमार विश्वकर्मा ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें अनुशासित जीवन अपनाने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के समस्त अध्यापकगण एवं कर्मचारीगण की उपस्थिति में समारोह का समापन किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, गर्व और प्रेरणा का माहौल बना रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)