उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को किया गया पुरस्कृत, शिक्षा के साथ संस्कार पर जोरआजमगढ़। आज रविवार को सेंट जेवियर्स स्कूल समेदा एवं सेंट जेवियर्स स्कूल सम्मोपुर, आजमगढ़ में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर दोनों विद्यालयों में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन निदेशक प्रशांत चंद्रा, प्रबंधक अनिरुद्ध जायसवाल (समेदा), प्राचार्य विनंजय शर्मा (समेदा) एवं विनय पाण्डेय (सम्मोपुर), उपप्राचार्या संगीता राय, उपप्राचार्य संजय पाण्डेय तथा समन्वयक/समन्वयिका कुनाल गुप्ता व शालिनी सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रबंधन निदेशक ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है तथा अच्छे परिणाम के लिए छात्र, शिक्षक और अभिभावक एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। इनके समन्वय के बिना उत्कृष्ट परिणाम संभव नहीं है। समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। प्राचार्यों ने विगत वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए आगामी सत्र की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय सदैव शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को संस्कार देने का प्रयास करता है, ताकि वे कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनकर देश की सेवा में योगदान दे सकें। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उत्साह और सम्मान के साथ हुआ, जिससे उनका मनोबल और अधिक बढ़ा।





