प्रेम-प्रसंग का अनोखा मामला आया सामने, परिजनों की मौजूदगी में प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में भरा सिंदूर
चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचे युवक को परिजनों और ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों की मौजूदगी में गांव के ही शिव मंदिर में प्रेमी-प्रेमिका की शादी करा दी गई। इस दौरान युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरा और दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि यूथ इंडिया टाइम्स नहीं करता है।
वायरल वीडियो में प्रेमिका रगौली और प्रेमी बराछी गांव का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे यह जान-पहचान प्रेम-प्रसंग में बदल गई और पिछले एक साल से अधिक समय से दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जा रहा है कि दिवाली के दिन युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसी दौरान दोनों को परिजनों और ग्रामीणों ने देख लिया और पकड़ लिया। मामले की जानकारी मिलने पर युवक के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति और मौजूदगी में सोमवार को गांव के शिव मंदिर में दोनों का विवाह करा दिया गया। वहीं, युवक के परिजनों का कहना है कि उसकी शादी पहले ही दूसरी युवती के साथ तय हो चुकी थी। लड़की पक्ष की ओर से बरीक्षा की रस्म भी पूरी कर दी गई थी और आगामी फरवरी माह में विवाह होना निर्धारित था। इस मामले में थाना प्रभारी नरेश प्रजापति ने बताया कि युवक की शादी जिस युवती के साथ पहले तय हुई थी, उसने मंगलवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया है। बातचीत के आधार पर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

