अखिलेश यादव का बंगाल टीम में चयन तो रुपा यादव राष्ट्रीय अंडर-17 टीम में शामिल
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बंगाल की ओर से खेलेंगे अखिलेश, जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय टी-20 प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी रुपा यादव
आजमगढ़। जनपद की दो होनहार क्रिकेट प्रतिभाओं ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर जिले का नाम रोशन किया है। तांडव पटखौली गांव के अखिलेश यादव का चयन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए बंगाल की 19 सदस्यीय टीम में हुआ है, वहीं सगड़ी तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ स्थित मानिकपुर गांव की बेटी रुपा यादव का चयन राष्ट्रीय अंडर-17 छात्रा टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
आजमगढ़ के तांडव पटखौली गांव निवासी अखिलेश यादव ने गांव की गलियों और खेतों से क्रिकेट का सफर शुरू कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। लगातार मेहनत और संघर्ष के दम पर उन्होंने बंगाल की टीम में जगह बनाई है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए चयनित बंगाल की 19 सदस्यीय टीम में अखिलेश को शामिल किया गया है।
बंगाल टीम की कप्तानी अभिमन्यु ईश्वरन को सौंपी गई है। टीम में मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। टूर्नामेंट 14 नवंबर से शुरू होगा। बंगाल की टीम अपना पहला मुकाबला 14 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कर्नाटक के खिलाफ खेलेगी।
अखिलेश को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था। उनके इस सफर में पिता महादेव यादव और माता सुभावती देवी का आशीर्वाद तथा गुरुजनों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। चयन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और गांव के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी। लोगों को उम्मीद है कि अखिलेश इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भविष्य में भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे।
वहीं सगड़ी तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ के मानिकपुर गांव निवासी ओम प्रकाश यादव और इसरावती देवी की पुत्री रुपा यादव ने भी क्रिकेट के मैदान में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राजकीय इंटर कॉलेज अजमतगढ़ की छात्रा रुपा का चयन राष्ट्रीय अंडर-17 छात्रा टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता 15 से 20 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर में आयोजित होगी। ग्रामीण परिवेश और मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली रुपा ने क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को मेहनत में बदलते हुए यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने वासुपार स्थित गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी में कोच अजीत यादव के निर्देशन में दो वर्षों तक प्रशिक्षण प्राप्त किया। पहले ही प्रयास में गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में उनका चयन उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है।
चयन की सूचना मिलते ही परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल छा गया। गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी में कोच अजीत यादव और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों ने रुपा का माल्यार्पण कर तथा मिठाई खिलाकर स्वागत किया। रुपा ने अपनी सफलता का श्रेय कोच अजीत यादव को दिया। उनका सपना भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल होकर देश के लिए खेलना है। रुपा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सोमवार की सुबह प्रशिक्षण शिविर के लिए अयोध्या रवाना हुईं, जहां से टीम के साथ जम्मू-कश्मीर जाएंगी। कोच अजीत यादव ने बताया कि एकेडमी से प्रतिवर्ष सात छात्र-छात्राओं का चयन होता है। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामाशीष यादव, कोच अजीत यादव, प्रथम यादव, मुकेश यादव, विवेक यादव, खुशी कुमारी, सपना, शिवम, सचिन शर्मा, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

